पिथौरागढ़: एआरटीओ प्रवर्तन की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली की प्राइवेट अर्टिगा में ढोई जा रही आदि कैलाश की सवारियां
वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना

प्रसिद्ध आदि कैलाश व ॐ पर्वत यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध वाहन संचालन पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने गुरुवार तड़के आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में टीम ने यात्रा मार्ग पर संचालित वाहनों की गहन जांच की।
चेकिंग के दौरान दिल्ली नंबर की एक प्राइवेट अर्टिगा कार यात्रियों को लेकर आदि कैलाश यात्रा पर जाती मिली। जांच में वाहन का व्यावसायिक उपयोग किया जाना पाया गया। यात्रियों ने बताया कि उन्होंने टूर ऑपरेटर से 32 हजार रुपये में वाहन बुक किया था, जबकि वाहन के पास वैध कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट नहीं था। जांच के दौरान चालक ने प्रवर्तन टीम को फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत किया, जो फोटोशॉप के माध्यम से तैयार किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया। साथ ही वाहन स्वामी और चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान एक अन्य वाहन को भी विभिन्न अनियमितताओं के चलते सीज किया गया, जबकि कुल 19 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा बिना हिल एंडोर्स्ड ड्राइविंग लाइसेंस के पर्वतीय मार्गों पर वाहन संचालन करते पाए जाने पर छह वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन टीम ने फिटनेस प्रमाणपत्र, टैक्स, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की। एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए हिल एंडोर्स्ड ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य है। बिना वैध दस्तावेज और निर्धारित योग्यता के किसी भी वाहन को यात्रा मार्ग पर संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने वाहन संचालकों और टूर ऑपरेटरों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर केवल वैध अभिलेखों वाले वाहन ही संचालित किए जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा अवधि के दौरान प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। चेकिंग अभियान में परिवहन आरक्षी सीमा, अमित, बलदेव और महेंद्र शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







