पिथौरागढ़ : नगर क्षेत्र में एसओजी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई
12.25 लाख की हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

सीमांत जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 41.5 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी और कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सिल्थाम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान 19 वर्षीय संदेश कुमार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 41.5 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन नानकमत्ता से खरीदकर लाया था और उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर ग्राहकों को बेचता था। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललित डंगवाल, अपर उपनिरीक्षक दीपक सिंह खनका (एसओजी), कांस्टेबल सतेन्द्र सुयाल, वीरेन्द्र यादव, गोविन्द रौतेला तथा कुशल सिंह शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







