जनता के हित में कार्य करना सर्वोच्च प्राथमिकता : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संभाला कार्यभार, कहा : महिला सुरक्षा व नशा उन्मूलन पर होगी विशेष फोकस

नवागंतुक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बुधवार को जनपद नैनीताल का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने एसएसपी कार्यालय का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की जानकारी ली और सभी शाखा प्रभारियों को टीम भावना के साथ पूर्ण निष्ठा व मनोयोग से कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल से शिष्टाचार भेंट की और जनपद की समग्र कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों तथा आगामी वीवीआईपी भ्रमण की तैयारियों पर चर्चा की। इसके उपरांत पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनता के हित में कार्य करने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
कहा महिला सुरक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी है। नशे के तस्करों और उनके नेटवर्क पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सहयोग का वातावरण बनाना उसका मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि ड्रग्स, साइबर ठगी और महिला सुरक्षा आज की बड़ी चुनौतियाँ हैं, जिनसे निपटने के लिए नैनीताल पुलिस हर स्तर पर तत्पर रहेगी। साइबर अपराधों के खिलाफ सघन कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे ताकि जनता का विश्वास और मजबूत हो। कहा कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







